प्रजातंत्र टीवी डेस्क : देश की राजनीति में दशकों से प्रभावशाली रहे दो बड़े यादव परिवार एक बार फिर अपनी निजी पारिवारिक स्थितियों को लेकर चर्चा के केंद्र में हैं। एक ओर उत्तर प्रदेश में समाजवादी राजनीति के स्तंभ रहे मुलायम सिंह यादव (प्रतीक–अपर्णा )के परिवार से जुड़ा विवाद सामने आया है, तो दूसरी ओर बिहार में राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे का वैवाहिक मामला लंबे समय से सुर्खियों में बना हुआ है। इन दोनों घटनाक्रमों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
प्रतीक यादव–अपर्णा यादव का विवाद क्यों चर्चा में है?
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव और उनकी पत्नी, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, के वैवाहिक रिश्तों को लेकर 19 जनवरी के आसपास विवाद सामने आया। अपर्णा यादव राजनीति में सक्रिय रही हैं और पहले समाजवादी पार्टी से जुड़ी थीं, बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
विवाद तब बढ़ा जब प्रतीक यादव के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें अपर्णा यादव की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी गई थी। पोस्ट में रिश्ते खत्म करने और तलाक जैसी बातों का उल्लेख था। इस पोस्ट के वायरल होते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
हालांकि कुछ समय बाद अपर्णा यादव के भाई अमन बिष्ट की ओर से बयान आया कि प्रतीक यादव का सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो गया था और यह पोस्ट उनकी ओर से नहीं की गई। उनका दावा था कि जैसे ही अकाउंट रिकवर होगा, पोस्ट हटा दी जाएगी। समाचार लिखे जाने तक न तो प्रतीक यादव और न ही अपर्णा यादव की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों पक्षों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बातचीत नहीं हो सकी।
तेज प्रताप यादव–ऐश्वर्या राय मामला क्या है?
दूसरी ओर बिहार में लालू परिवार का विवाद काफी पुराना और गंभीर रहा है। लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय के बीच विवाह के कुछ ही महीनों बाद तनाव शुरू हो गया था। वर्ष 2018 में हुई इस शादी के बाद दोनों के बीच तलाक की प्रक्रिया शुरू हुई, जो अब तक अदालत में लंबित है।
ऐश्वर्या राय ने ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इस विवाद ने न केवल बिहार बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरीं और लालू परिवार की छवि पर भी असर डाला।
मई 2025 में फिर बढ़ा विवाद
मई 2025 में तेज प्रताप यादव एक बार फिर विवादों में आए, जब सोशल मीडिया पर उनकी कुछ तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए, जिनमें वे एक महिला के साथ सार्वजनिक रूप से नजर आए। इसके बाद राजनीतिक दबाव और चर्चाएं तेज हो गईं। बाद में वह सोशल मीडिया पोस्ट हटा दी गई, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ।
इस घटनाक्रम के बाद लालू प्रसाद यादव ने कड़ा कदम उठाते हुए तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार दोनों से बाहर कर दिया। इसी दौरान ऐश्वर्या राय ने एक प्रेस वार्ता में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी जिंदगी बर्बाद की गई और उनके साथ मारपीट हुई। उन्होंने यह भी दावा किया कि चुनावी समय को देखते हुए यह निष्कासन केवल राजनीतिक नाटक है।

